भाजपा की केंद्र सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला वर्ष बड़ी उपलब्धियों वाला रहा : सुभाष बराला


चंडीगढ़ // हिसार। भाजपा की केंद्र सरकार के दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष में अनेकों जनकल्याणकारी और महत्वाकांक्षी योजनाएं लागू की गई हैं। सरकार का यह एक वर्ष बड़ी उपलब्धियों वाला रहा है। यह बात आज भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने सिरसा रोड स्थित पार्टी के जिला कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान कही।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि अनेकों ऐसी योजनाएं हैं जिन्हें सजगता, तत्परता व जनभागिता के द्वारा आगे बढ़ाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्ग के किलए पिछली योजना मे जनधन योजना के अंतर्गत 34 करोड़ लोगों के बैंक में खाते खोले गए जिससे विभिन्न योजनाओं का पैसा सीध उनके खाते में जमा किया जा रहा है। रियायती दामों पर रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाए गए, किसानों को 6 हजार रुपए वार्षिक सहायता दी गई, भवन निर्माण कामगारों के लिए अनेकों योजनाएं लागू की गई। आयुष्मान योजना लागू की गई जिसका करीब 1 करोड़ लोग लाभ उठा चुके हैं। स्वच्छता अभियान में देश की जनता के सहयोग से बड़ी सफलता प्राप्त हुई।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि केंद्र सरकार के दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष की उपलब्धियों की बात की जाए तो इस एक वर्ष में नागरिकता संशोधन विधेयक पारित किया गया, तीन तलाक कानून बनाकर एक क्रांतिकारी कदम उठाया गया, कश्मीर से धारा 370 को हटाया गया व लद्दाख को अलग केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा दिया गया, अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया गया। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया कोरोना महामारी से त्रस्त है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समय रहते लॉकडाउन की घोषण करके प्रभावी कदम उठाकर पूरे विश्व में ख्याति प्राप्त की, जिसका अनुसरण पूरे विश्व ने किया है।
प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि भारत ने विश्व को आत्मनिर्भर बनाने की सीख दी है। गरीबों के लिए आर्थिक पैकेज, जनकल्याण के लिए अलग पैकेज, जन सामान्य के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाएं तथा व्यापार व आर्थिक क्षेत्र के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए 20 लाख करोड़ के आर्थिक पैकेज की घोषणा की गई। लॉकडाउन के दौरान विभिन्न प्रकार की सहायता प्रदान करने का काम किया गया है। 8 करोड़ प्रवासी मजदूरों को 5 किलोग्राम आटा व एक किलोग्राम दाल प्रति माह प्रति व्यक्ति देने का काम किया गया।
उन्होंने कहा कि स्पष्ट नीति व सटीक निर्णय लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया को दिखा दिया कि भारत ऐसी समस्याओं से मजबूती के साथ लडऩे में पूरी तरह से सक्षम है। जनभागीदारी, जनविश्वास, जनसरोकार और जागरूकता ये चार मजबूत स्तंभ बनकर उभरे हैं।
इस मौके पर डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, विधायक डा. कमल गुप्ता, विधायक विनोद भ्याना, जिलाध्यक्ष सुरेंद्र पुनिया, मेयर गौतम सरदाना, सोनाली फोगाट, जिला महामंत्री सुजीत कुमार व आशा खेदड़, जिला मीडिया प्रभारी सुरेश गोयल धूपवाला, प्रवीन जैन, अशोक कन्नौजिया, प्रदेश सचिव कर्ण सिंह रानोलिया व अशोक सैनी आदि भी उपस्थित रहे।


Popular posts